Sunday, 30 September 2018

जब गोल मशीन की किडनैपिंग पड़ी बार्सिलोना पर भारी, गंवाया टाइटल जीतने का मौका

1 मार्च 1981, बार्सिलोना के लिए खेलने वाला स्पैनिश ला लीगा का टॉप गोलस्कोरर अपनी बीवी और बच्चों को लेने के लिए एयरपोर्ट जा रहा था। रास्ते में उसने अपनी गाड़ी पेट्रोल पंप पर रोकी और कुछ देर से उसका पीछा कर रही M9955AX नंबर की वैन झटके के साथ रुक गई। वैन रुकते ही दो लोग बाहर आए। एडुआर्डो और फर्नान्डो नाम के दोनों युवक धीरे-धीरे आगे बढ़े और फुटबॉलर की तरफ जंग लगी हुई कोल्ट 45 तानकर बोले- 'मुंह से एक भी शब्द मत निकालना, अंदर चलो।'

एडुआर्डो और फर्नान्डो उस फुटबॉलर के साथ उसकी गाड़ी में बैठे और अगले ही पल गन फुटबॉलर के गले पर थी।गाड़ी आगे बढ़ी और कुछ दूर जाकर तीनों उस फुटबॉलर की फोर्ड ग्रैनाडा से उतरकर पीछे चल रही वैन में बैठ गए। अगले दिन पुलिस को उस फुटबॉलर का कार लावारिस पड़ी मिली जिसके दोनों दरवाजे खुले थे। स्पेन के शहर ज़रगोज़ा ले जाकर उस फुटबॉलर को लगभग डेढ़ मीटर के एक तहखाने में छिपा दिया गया।

25 दिन तक यह फुटबॉलर उनकी कैद में रहा। इस किडनैपिंग में कुल तीन लोग शामिल थे और तीनों ही उस फुटबॉलर से ज्यादा डरे हुए थे। उन्होंने पहली बार ऐसा कोई अपराध किया था और उन्हें समझ ही नहीं आ रहा था कि क्या करें। बिना परफेक्ट प्लान के की गई उनकी किडनैपिंग तो सफल हो गई लेकिन अब आगे का क्या करना है ये उन्हें पता ही नहीं था।

यहां तक कि वह यह भी नहीं तय कर पा रहे थे कि फिरौती कितनी मांगनी है, कहां मंगानी है, किसके जरिए मंगानी है और कौन रिसीव करने जाएगा। उन 'बेचारों' के पास ना तो क्लब के किसी ऑफिशियल का नंबर था ना ही उस फुटबॉलर के किसी करीबी का। अंततः परेशान होकर फुटबॉलर ने ही उन्हें अपनी बीवी का नंबर देकर फिरौती मांगने के लिए कहा।

Kini

ऐसी ही एक कॉल के दौरान उन्होंने 10 मिलियन की मांग की और फोन के इस तरफ मौजूद व्यक्ति को भरोसा नहीं हुआ उसने पूछा-

एक्सक्यूज मी, क्या आपने 100 मिलियन कहा?
फोन पर जवाब आया, ओह! हां, 100 मिलियन, सही कहा। Erm, ओके, आपने हमारे लिए कितना तैयार किया है? 
जवाब मिला, 100 मिलियन।
फिर किडनैपर्स ने कहा- ठीक है, 100 मिलियन मैं यही कहना चाहता था।

बार्सिलोना ने पैसों का इंतजाम किया और फिर डरते-डरते तमाम प्लान बदलने के बाद वे बार्सिलोना के कैप्टन अलेक्सांको के हाथों पैसे लेने के लिए तैयार हुए। डर का आलम यह था कि उन्होंने अलेक्सांको को बार्सिलोना से जिरोना और फिर वहां से फ्रेंच बॉर्डर तक बेवजह टहला दिया। हालात यह थे कि अलेक्सांको की सुरक्षा में चल रही पुलिस ने उन्हें यह कहकर बॉर्डर पार करने से रोका कि उनके पास जरूरी पेपर्स नहीं हैं वर्ना वे फ्रांस चले जाते

किडनैपर्स बीच-बीच में लोगों को धमकी देते और इधर उनमें से एक इस फुटबॉलर से कहता, 'मैं बार्सिलोना फैन हूं यार।' 25 दिनों में एक वक्त ऐसा भी आया जब उन्होंने इस बात की शिकायत की कि उस फुटबॉलर को अपनी कैद में रखना उन पर (महंगे सैंडविच के रूप में) भारी पड़ रहा है जिसपर फुटबॉलर की बीवी मारिया नीवेस ने जवाब दिया, 'तुमने एक स्पोर्ट्समैन को किडनैप किया है यार, अगली बार एक हरे कृष्णा (हरे कृष्णा समूह के किसी व्यक्ति को) को करना।'

जितने दिन यह फुटबॉलर कैद में रहा उन दिनों में बार्सिलोना एक भी मैच नहीं जीती और इसके चलते क्लब उस सीजन ला लीगा और कोपा डेल रे का डबल पूरा करने से चूक गया।

Barcelona v Sporting Gijon - La Liga

फाइनली पुलिस को उस जगह का पता चला और जब हथियारों से लैस पुलिस ने उस जगह खड़ी वैन के दरवाजे पर लात मारी तो पुलिसवाले का पैर उसी में अटक गया और उसके जूतों ने वैन में पक रहे अंडे फोड़ दिए। वैन में बैठे किडनैपर ने सर पर तनी बंदूक देखकर तुरंत ही सब उगल दिया और इस तरह किडनैपर्स की कैद से छूटे एनरीके कास्त्रो उर्फ किनी जो ला लीगा के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल्स दागने वालों की लिस्ट में आठवें नंबर पर हैं।

बाद में कोर्ट ने किनी के किडनैपर्स को 10 साल की सजा और पांच मिलियन के जुर्माने की सजा सुनाई। हालांकि किनी इस सजा से दुखी थे, उन्होंने कहा था, 'यह इतना भी बुरा नहीं था, अगर आपको पता हो कि कैसे सही पोजिशन में मूव करते हैं। एक दिन उन्होंने मुझे मार्का (मशहूर स्पैनिश अखबार) की कॉपी लाकर दी थी जिससे मैं फुटबॉल रिजल्ट देख सकूं बाद में उन्होंने मुझे टीवी और बाकी सुविधाएं भी दी।

एक शतरंज सेट भी दिया। मैं अकेले खेलता था और मुझे अकेले खेलना पसंद है। मेरे किडनैपर्स अच्छे लोग थे जिन्होंने मुझे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। मैंने उन्हें माफ कर दिया।'

Quini PC: Social Media

किनी का बीती 28 फरवरी 2018 को ही देहांत हुआ है। किनी ने स्पैनिश टॉप फ्लाइट में सीजन के हाईएस्ट गोलस्कोरर को मिलने वाली पिचिची ट्रॉफी को सात बार अपने नाम किया था जिसमें से पांच बार यह ट्रॉफी उन्होंने ला लीगा में जीती थी। किनी ने स्पैनिश टॉप फ्लाइट में 448 मैचों में 219 गोल्स दागे थे।

No comments:

Post a Comment