मैच के बाद ट्यूनीशियन रेफरी अली बिन नासेर ने कहा कि वह बॉल पर माराडोना का हाथ नहीं देख पाए थे। इस गोल के बारे में माराडोना ने बाद में कहा, 'मैं अपने टीममेट्स द्वारा बधाई मिलने का इंतजार कर रहा था, लेकिन कोई नहीं आया। मैंने उनसे चिल्लाकर कहा, आगे बढ़ो और मुझे गले से लगाओ वर्ना रेफरी इस गोल को अलाऊ नहीं करेगा।'

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में माराडोना ने इस गोल को हैंड ऑफ गॉड का परिणाम बताया। उन्होंने कहा, 'A little with the head of Maradona and a little with the hand of God' इसके बाद से ही इस गोल को 'हैंड ऑफ गॉड' गोल कहा जाने लगा। इस गोल ने दोनों देशों के बीच की फुटबॉलिंग दुश्मनी को और बढ़ा दिया। जहां इंग्लिश फैंस को लगा कि वह एक निश्चित वर्ल्ड कप जीत से वंचित किए गए वहीं अर्जेंटीनी फैंस के लिए यह 1966 के वर्ल्ड कप क्वॉर्टरफाइनल के बदले जैसा था।

इस गोल के 4 मिनट बाद ही माराडोना ने एक बार फिर इंग्लिश डिफेंस को छिन्न-भिन्न करते हुए एक और गोल दागा। 'गोल ऑफ द सेंचुरी' के नाम से फेमस इस गोल को फुटबॉल का सबसे महान व्यक्तिगत गोल माना जाता है। अर्जेंटीनी मिडफील्डर हेक्टर एनरीके ने अपने ही हाफ में बॉल माराडोना को दी जिसके बाद माराडोना ने 10 सेकेंड में 60 यार्ड की दूरी तय कर 'गोल ऑफ द सेंचुरी' दागा।

एनरीके से मिली बॉल के साथ माराडोना ने चार इंग्लिश आउटफील्ड प्लेयर्स, पीटर बीयर्डस्ले, पीटर रीड, टेरी बुचर (दो बार) और टेरी फेनविक को क्रॉस कर एक डमी शॉट (इसमें फुटबॉलर सामने वाले डिफेंडर/गोलकीपर को यह दर्शाता है कि वह शॉट ले रहा है या फिर पास कर रहा है) के जरिए गोलकीपर पीटर शिल्टन को क्रॉस किया और बॉल को गोल में उलझा दिया।

साल 2002 में फीफा वर्ल्ड कप 2002 के बिल्डअप के दौरान इस गोल को वोटिंग के द्वारा ऑफिशियली 'गोल ऑफ द सेंचुरी' घोषित किया गया। इस गोल पर की गई उरुग्वे के जर्नलिस्ट विक्टर ह्यूगो मोरालेस की स्पैनिश कॉमेंट्री काफी मशहूर है।

पढ़िए उसका हिंदी तजुर्मा-

वह डिएगो को पास करने वाला है, अब माराडोना के पास बॉल। दो लोग माराडोना के पीछे, माराडोना बॉल के साथ आगे बढ़े, और ये राइट फ्लैंक पर पहुंचा वर्ल्ड फुटबॉल का जीनियस, उसने विंग्स छोड़ दी है और अब वह बॉल को बुरुचागा को पास करना चाहता है... अभी भी माराडोना! जीनियस! जीनियस! There, There, There, There, There, There! Goaaaaaaaaal! Goaaaaaaaaal'! मैं रोना चाहता हूं, हे ईश्वर, फुटबॉल जिंदाबाद! क्या गोल था! डिएगोल माराडोना! मैं रो दूंगा, मुझे माफ करें! माराडोना, एक अविश्वसनीय रन, ऑल टाइम बेस्ट प्ले! छोटे धूमकेतु, इतने सारे अंग्रेजों को बंधी मुट्ठी के साथ अर्जेंटीना के लिए रोता छोड़ने के लिए किस ग्रह से आया है तू ! अर्जेंटीना 2 इंग्लैंड 0! डिएगोल! डिएगोल! डिएगो अरमांडो माराडोना! शुक्रिया, खुदा, फुटबॉल के लिए, माराडोना के लिए, इन आंसुओं के लिए, इस अर्जेंटीना 2 इंग्लैंड 0 के लिए।