7 दिसंबर 2009 को स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में पुराने फुटबॉल स्टेडियम की जगह एक नए स्टेडियम का निर्माण शुरू हुआ। 300 मिलियन यूरो यानि कि लगभग 23 अरब 18 करोड़ 61 लाख रूपये की कीमत में बनकर तैयार हुए इस स्टेडियम का उद्घाटन 25 अक्टूबर 2012 को हुआ।
वैसे तो यह स्टेडियम मल्टीपरपज था लेकिन मुख्यतः इसे स्वीडिश नेशनल फुटबॉल टीम के नए घर के रूप बनाया गया था। इस स्टेडियम का पहला फुटबॉल मैच 15 नवंबर 2012 को खेला जाना तय किया गया। इस इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच में स्वीडिश नेशनल टीम को इंग्लैंड से खेलना था।
स्वीडिश नेशनल टीम के कैप्टन ज़्लाटान इब्राहिमोविच तब फ्रेंच टीम पेरिस सेंट जर्मेन से खेलते थे। 31 साल के इब्राहिमोविच हाल ही में इटैलियन टीम AC मिलान में बेहतरीन सीजन बिताकर पेरिस आए थे। नए बने स्टेडियम में स्वीडिश टीम का पहला मैच था और सभी की फेवरेट इंग्लैंड ही थी।
हाल ही में हुए यूरो कप में भी इंग्लैंड ने स्वीडन को 3-2 से हराया था और लोगों को टीम से इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद थी। मैच के लिए अरेना की पिच पर यूज होने वाली घास नीदरलैंड्स और जर्मनी बॉर्डर पर उगाई गई थी। इस घास को 24 लॉरीज पर लादकर लाया गया था और मैच के बाद इसे वापस भेजा जाना था।
इस मैच से इंग्लिश टीम के लगभग 6 प्लेयर्स को डेब्यू करना था। रहीम स्टर्लिंग, स्टीवन कॉलकर और लिओन ओस्मन का डेब्यू पक्का था जबकि मैनेजर रॉय हडसन ने कार्ल जेनकिंसन, रयान शॉक्रॉस और विल्फ्रेड ज़हा को भी उतारने के संकेत दिए थे।
इंग्लैंड के कैप्टन स्टीवन जेरार्ड इस मैच से अपने इंटरनेशनल मैचों की सेंचुरी पूरी कर रहे थे। मैच से पहले इंग्लिश मीडिया ने रिपोर्ट किया था कि इस मैच में सबकी निगाहें जेरार्ड, स्टर्लिंग, ओस्मन और ज़हा पर होंगी। मैच के लिए इंग्लिश फैंस काफी संख्या में फ्रेंड्स अरेना पहुंचे थे।
हडसन ने अपना वादा निभाया और इन छहों प्लेयर्स को इंटरनेशनल डेब्यू कराया जिसे ये हमेशा याद रखेंगे लेकिन एक चेतावनी के साथ- दोबारा ज़्लाटान का सामना नहीं करना है।
मैच शुरू हुआ और मैच के 20वें मिनट में ज़्लाटान ने स्कोर कर अपनी टीम को 1-0 की लीड दिला दी। शुरू से ही पजेशन डॉमिनेंट कर रहे इंग्लैंड के लिए मैदान के दाहिनी तरफ जॉनसन ने स्टर्लिंग को पास दिया जिसपर स्वीडिश डिफेंडर ने स्लाइड टैकल लगाकर बॉल छीन ली।
यहां से निकली बॉल पहुंची रनेगी के पास जो उसे लेकर आगे बढ़े और तेजी से आगे निकले लेफ्ट बैक मार्टिन ओल्सन को थमा दी जिनका पास तेजी से दौड़कर बॉक्स में पहुंचे ज़्लाटान के पास गया और उनका पहला अटेम्प्ट तो कॉलकर ने ब्लॉक कर लिया लेकिन इब्रा ने तुरंत ही बॉल पर दोबारा हमला कर फ्रेंड्स अरेना में पहले गोलस्कोरर के रूप में अपना दर्ज करा लिया।
पहला गोल खाने के बाद इंग्लैंड ने जबरदस्त पलटवार किया और पहले मैच के 35वें मिनट में डैनी वेलबेक ने टीम को बराबरी दिलाई और फिर डेब्यूटेंट स्टीवन कॉलकर ने 38वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया। पहला हाफ खत्म होने के बाद इंग्लिश टीम 2-1 से आगे थी।
इंग्लैंड ने 1965 के बाद से स्वीडन को उनके घर में नहीं हराया था और पहले हाफ में 2-1 की लीड मिलने के बाद इंग्लिश फैंस का जोश सातवें आसमान पर था। उन्हें लगा कि वे आज एक नया इतिहास बनने के साक्षी बनेंगे। इस जोश में उन्होंने गलती कर दी। बहुत बड़ी गलती।
उन्होंने 'ख़ुदा' को ललकार दिया। उन्होंने 'ख़ुदा' का मजाक बनाने की गुस्ताखी की और फिर 'ख़ुदा' ने उन्हें जो सजा दी उसे देखकर आज भी लोगों की आंखे चौंधिया जाती हैं। सेकेंड हाफ के लिए जब स्वीडिश टीम मैदान पर उतरी उस पल से लेकर मैच के 76वें मिनट यानि कुल 31 मिनट तक लगातार इंग्लिश फैंस ने स्वीडिश कैप्टन और स्वयंभू ख़ुदा ज़्लाटान का जमकर मज़ाक बनाया।
वे नारे लगातार रहे थे, 'You are Just a SH*T Andy Caroll' हर बीतते पल के साथ उनके नारों का शोर बढ़ते हुए फ्रेंड्स अरेना से निकलकर स्टॉकहोम सिटी सेंटर तक के इलाके को अपनी जद में ले चुका था। अपने शॉर्ट टेम्पर नेचर के लिए कुख्यात इब्राहिमोविच उनके नारों के जवाब में एक शब्द भी नहीं बोला। एकदम खामोश! जैसे तूफान आने से पहले चारों तरफ खामोशी फैल जाती है।
मैच के 77वें मिनट में इब्राहिमोविच ने इंग्लिश फैंस के नारों को अपना पहला बूट दिखाया। लगभग 30-40 यार्ड से आई बॉल को पहले ज़्लाटान ने अपनी छाती पर रोका और फिर नीचे गिरती हुई बॉल पर करारा शॉट लगा स्कोर 2-2 कर दिया। इस गोल के लिए इब्रा की तेजी ने कुछ सेकेंड पहले मैदान पर आए डेब्यूटेंट रयान शॉक्रॉस को इंटरनेशनल फुटबॉल का पहला सबक दे दिया।
इस गोल के बाद थोड़े शांत हुए इंग्लिश फैंस को मैच के 84वें मिनट में एक और सदमा लगा जब ज़्लाटान ने बॉक्स से कुछ दूरी पर मिली फ्री किक को स्वीडिश फैंस के शोर के बीच गोल में पहुंचा दिया। ज़्लाटान की यह फ्री-किक काफी नीचे थी लेकिन इस शॉट में इब्रा ने इतनी पॉवर भर दी थी कि इंग्लिश गोलकीपर जो हार्ट पूरी कोशिश करने के बाद भी इसे नहीं रोक पाए।
अब स्वीडन मैच में 3-2 से आगे था और इंग्लिश फैंस एकदम शांत। मैच के रेगुलर 90 मिनट का खेल खत्म होने तक स्वीडिश टीम अपनी लीड बचाए रखने में कामयाब रही। मैच के 91वें यानि कि इंजरी टाइम के पहले मिनट में ज़्लाटान ने ऐसा कारनामा कर दिखाया कि पूरी दुनिया दंग रह गई।
अपनी डी के पास से स्वीडिश डिफेंडर द्वारा क्लियर की गई बॉल इंग्लिश गोल की तरफ गई और इसे क्लियर करने के लिए इंग्लिश गोलकीपर जो हार्ट अपने बॉक्स से बाहर निकल आए। हार्ट ने बाहर निकलकर बॉल को अपने सर से क्लियर किया। इस बॉल पर तेजी से झपटे इब्राहिमोविच उन्हें हैडर लगाते देखकर तेजी से पलटे।
भागकर मैदान के एक कोने में पहुंचे इब्राहिमोविच की पीठ गोल की तरफ थी, इब्राहिमोविच उल्टा उछले, बाइसिकल किक अटेम्प्ट की, जमीन से कुछ फीट ऊपर इब्राहिमोविच के पैर से टकराकर बॉल गोल की तरफ बढ़ी, जो हार्ट- जिन्होंने तुरंत ही बॉल क्लियर की थी वह और बॉक्स के अंदर खड़े दो इंग्लिश डिफेंडर्स में से एक गोल की तरफ वापस भागे लेकिन बॉल उन्हें पार करती हुई गोल में समा गई।
फिजिक्स के नियमों को धता बताकर लगाई गई यह किक सीधे जाकर गोल में गिरी थी और इसके बाद पूर्व इंग्लिश इंटरनेशनल और उस वक्त इस मैच की कॉमेंट्री कर रहे स्टैन कॉलिमोर की पहली प्रतिक्रिया कुछ इस तरह थी
देखें डब वीडियोः
ज़्लाटान ने इस मैच में चार गोल किए। इंग्लैंड के खिलाफ 1988 के बाद पहली बार किसी प्लेयर ने हैटट्रिक स्कोर की। इससे पहले यह कारनामा मार्को वान बस्टेन ने किया था।
No comments:
Post a Comment