Tuesday, 17 March 2015

मैच जीतकर भी बाहर हुई आर्सेनल






17 मार्च: स्टैड लुईस-2 (मोनैको) :  यूईएफए चैंपियंस लीग के इस सेमी क्वार्टरफाइनल के शुरू होने से पहले ही आर्सेनल को पता था कि उन्हें हर हाल में ये मैच कम से कम तीन गोल के अंतर से जीतना है। उन्होंने प्रयास भी किये मोनाको को एक भी गोल नहीं करने दिया लेकिन वो खुद भी तीन गोल नहीं कर पाये। नतीजे के तौर पर उन्हें लगातार पांचवे साल चैंपियंस लीग के सेमी क्वार्टरफाइनल से बाहर हो जाना पड़ा।
मोनैको के घरेलू मैदान पर खेले गये इस मैच पर आर्सेनल ने शुरू से ही अपना दबदबा बनाये रखा। मैच के कुल 90 मिनट में आर्सेनल के पास 70 % से भी ज्यादा वक्त तक गेंद रही यानि कि गेंद पर कब्जा तो उनका रहा लेकिन मिले मौकों को भुना ना पाने के कारण उन्हें ये मैच जीतकर भी बाहर हो जाना पड़ा। मैच में आर्सेनल को कुल 5 कॉर्नर मिले लेकिन एक भी कॉर्नर को वो गोल में नहीं बदल पाये। तो वहीं मैच के शुरुआती क्षणों में एलेक्सिस सांचेज के एक खूबसूरत पास को डैनी वेलबैक ने यूं ही गंवा दिया। इस मैच में वेलबैक ने कम से कम दो आसान मौके गंवाये जिसका खामियाजा आर्सेनल को चैंपियंस लीग से बाहर होकर उठाना पड़ा। आर्सेनल की तरफ से मैच का पहला गोल ओलिवर गिरोउड ने किया। मैच के 36वें मिनट में डैनी वेलबैक के क्रॉस को गिरोउड ने जाल में उलझाने की कोशिश की लेकिन मौनेको के गोलकीपर डैनिजेल सुबासिक ने गिरोउड के शॉट को शानदार तरीके से रोक लिया। लेकिन सुबासिक के स्टॉप के बाद जब गेंद उछली तो सीधे गिरोउड के पास आई और आर्सेनल के इस फ्रेंच स्टार ने इस बार बिना कोई गलती करते हुये गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। इस गोल के बाद दोनों टीमों ने कई मौके बनाये लेकिन किसी को भी गोल करने में सफलता नहीं मिली। मैच के 63वें मिनट में सब्सीट्यूट के तौर पर आये आरोन रामज़ी ने 79 मिनट में थियो वॉल्कॉट के शॉट पर पोस्ट से लगकर वापस आती गेंद सीधे जाल में अटका दिया। हालांकि इस गोल में मोनैको के डिफेंडर कुरजावा का भी काफी योगदान रहा जो कि गेंद को क्लीयर नहीं कर पाये और उन्होंने उसे सीधे रामज़ी के पैरों पर भेज दिया। रामज़ी ने इस मौके को बखूबी भुनाया और गेंद को सीधे जाल में अटका दिया। इस गोल के बाद जहां मौनैको ने कुछ चांसेज बनाये तो वहीं आर्सेनल की टीम थकी थकी नजर आई। अंत में मोनैको ने इस मैच को तो गंवा दिया लेकिन अवे गोल रूल के आधार पर बाजीगर बनते हुये चैंपियंस लीग के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली।

No comments:

Post a Comment