Friday, 13 March 2015

चेल्सी का यूं चैंपियंस लीग से बाहर हो जाना

स्टैम्फोर्ड ब्रिज में चेल्सी और पीएसजी के बीच खेले गये चैंपियंस ट्रॉफी के सेमी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पीएसजी ने चेल्सी से 2-2 से ड्रॉ खेलकर अवे गोल रूल के आधार पर क्वार्टर फाइनल के लिये क्वालीफाई कर लिया।  मुकाबला कितना कड़ा था इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रेफरी ब्जोर्न कुइपर को मैच में कुल 7 येलो और एक रेड कॉर्ड दिखाना पड़ा।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने ज्यादा से ज्यादा अटैकिंग फुटबॉल खेलने पर जोर दिया। जिसके फलस्वरुप मैच के 31वें मिनट में ही रेफरी को पीएसजी के स्टार स्ट्राइकर ज्लाटन इब्राहिमोविक को चेल्सी के मिडफील्डर ऑस्कर पर किये गये गंभीर फाउल के लिये रेड कार्ड दिखाते हुये मैच से बाहर करना पड़ा। जिसके  चलते पीएसजी को पूरे मैच में 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। चेल्सी के लिये इस मैच का पहला गोल डिफेंडर गैरी केहिल ने किया, मैच के 81वें मिनट में मिले कॉर्नर पर फैब्रेगास की किक को पीएसजी के कप्तान थिएगो सिल्वा ने हेडर के जरिये लगभग क्लीयर ही कर दिया था। लेकिन उनके हेडर से उछली गेंद गैरी के पास आ गई जिस पर उन्होंने करारा शॉट जमाकर पीएसजी के गोली सिरिगु को आश्चर्यचकित कर दिया। शॉट इतना तेज था कि सिरिगु को हिलने तक का मौका दिये बिना गेंद जाल में जा चुकी थी। इस गोल से मैच चेल्सी की तरफ झुकता दिख रहा था लेकिन, लगभग चार मिनट बाद ही चेल्सी के लिये खेल चुके पीएसजी के ब्राजीली डिफेंडर डेविड लुइज ने अर्जेंटीनी फॉरवर्ड लवेज्जी द्वारा ली गई कॉर्नर किक पर तूफानी हेडर से गोल जमाकर पीएसजी के प्रशंसकों को सीट से उछलने पर मजबूर कर दिया। हालांकि उनके इस गोल से चेल्सी के मैनेजर जोस मॉरिन्हो जरूर निराश हुये। लुइज के इस गोल से मैच को लगभग हार चुकी पीएसजी के लिये उम्मीद की एक किरण दिखने लगी। निर्धारित समय तक मैच 1-1 से बराबर रहा जिसके कारण मैच को अतिरिक्त समय में ले जाना पड़ा। अतिरिक्त समय के पहले हाफ के 5वें मिनट यानि कि मैच के 95वें मिनट में चेल्सी के स्ट्राइकर डिएगो कोस्टा ने गेंद को पीएसजी के बॉक्स में उछाला जिसे क्लीयर करने के प्रयास में उछले थिएगो सिल्वा का हाथ गेंद को छू गया,जिसके चलते चेल्सी को पेनाल्टी मिल गई। इस मौके का फायदा उठाते हुये इडेन हजार्ड ने पीएसजी के गोली सिरिगु को छकाकर शानदार गोल दागते हुये चेल्सी को फिर से आगे कर दिया। इस गोल के बाद पीएसजी के समर्थकों ने चैंपियंस लीग में अपने सफर को लगभग समाप्त ही मान लिया था। लेकिन मौजूदा समय में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर औऱ पीएसजी के कप्तान थिएगो सिल्वा इस मैच में कुछ और  ही सोचकर उतरे थे। अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ में अंतिम क्षणों में जब मैच अपने अंत की तरफ बढ़ रहा था कि तभी 113वें मिनट में थिएगो मोट्टा के लिये कॉर्नर पर सिल्वा ने ऊंचे हेडर के जरिये गेंद को गोलपोस्ट के दाहिने किनारे की तरफ अटका दिया और इसी के साथ चेल्सी के खिलाड़ियों, प्रशंसकों के साथ ही मैनेजर जोस मॉरिन्हो की सांसें भी अटक गईं। मैच के बाकी वक्त में दोनों टीमों ने गोल करने की भरसक कोशिश की लेकिन कोई भी टीम बढ़त लेने में कामयाब नहीं हुई और मैच 2-2 से ड्रॉ हो गया। इसी के साथ चेल्सी चैंपियंस लीग से बाहर भी हो गई और पीएसजी अवे गोल्स के आधार पर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

अवे गोल रूल-- इस रुल के मुताबिक दोनों टीमों के बराबर अंक होने अर्थात अगर दोनों टीमें एक-एक मैच जीत लेती हैं या फिर दोनों ही मैच बराबर छूटते हैं तो फिर अवे यानि की विपक्षी टीम के मैदान पर किये गोलों की संख्या के आधार पर बढ़त लेने वाली टीम आगे जाती है।
चूंकि इस लीग के हर दौर में दोनों टीमों को एक मैच अपने तथा एक मैच विपक्षी टीम के मैदान पर खेलना होता है।

No comments:

Post a Comment