पेप गुआर्डियोला की मैनचेस्टर सिटी अपने घरेलू मैदान में चेल्सी को पछाड़कर प्रीमियर लीग टेबल में टॉप पोजिशन पर आने की उम्मीद के साथ इस सीजन के अपने 14वें मैच में उतरी थी। पहले हाफ के दौरान जिस तरीके से सिटी खेल रही थी उससे लगातार 7 मैचों से चला आ रहा चेल्सी की जीत का सिलसिला रुकता सा दिखा भी। लेकिन इटैलियन जीनियस मैनेजर एंटोनियो कोंटे की इस टीम ने सेकेंड हाफ के अपने खेल से दिखा दिया कि इस साल वो लोग अपना पिछला सीजन पूरी तरह से भुलाकर उतरे हैं। पहले हाफ में 1-0 से पिछड़ने के बाद चेल्सी ने सेकेंड हाफ में अपने खेल का लेवल जबरदस्त तरीके से उठाते हुए मैनचेस्टर सिटी को 3-1 से धो दिया।
चलिए देखते हैं इस मैच की प्रमुख बातें-
केहिल की गलतियांः इस मैच में चेल्सी के लिए सबसे खराब बात रही उनके सीनियर डिफेंडर गैरी केहिल का गेम। पहले तो केहिल ने पहला हाफ खत्म होने के कुछ सेकेंड पहले ओन गोल कर सिटी को लीड दिलाई। राइट विंग की तरफ से मैनचेस्टर सिटी के स्पैनिश मिडफील्डर हेसुस नवास के क्रॉस को क्लीयर करने के चक्कर में केहिल अपने ही गोल में मार बैठे। मानो इतने से भी उन्हें संतोष ना हुआ और सेकेंड हाफ के शुरुआती मिनटों में अपने सामने से जाती बॉल को आसानी से विपक्षी स्ट्राइकर सर्जियो अगुएरो को लेने दिया। हालांकि इस बॉल पर अगुएरो के लिए शॉट को उन्होंने स्लाइड करते हुए क्लीयर कर दिया। इनके अलावा भी उन्होंने इस मैच में कई गलतियां कीं।
सिटी की फिनिशिंगः मैनचेस्टर सिटी ने इस मैच में गोल करने के कई आसान मौके गंवाए। मैच के 57वें मिनट में सिटी के बेल्जियन मिडफील्डर केविन डि ब्रुएने एकदम ओपन गोल चूक गए। हेसुस नवास की दी हुई बॉल को उन्हें खाली गोल में उलझाना था लेकिन वह उसे बार पर मार बैठे। उनसे पहले 53वें मिनट में अगुएरो के शॉट को चेल्सी के गोलकीपर कोर्टवा ने बचाया था। इसी तरह 48वें मिनट में डि ब्रुएने ने बेल्जियन नेशनल टीम के अपने साथी कोर्टवा को आसान सी कैच प्रैक्टिस कराई थी। मैच के 61वें मिनट में भी अगुएरो चूके थे जबकि पहले हाफ में भी सिटी ने कई आसान मौके गंवाए।
चेल्सी के काउंटर अटैकः पहले हाफ में पिछड़ने के बाद चेल्सी ने सेकेंड हाफ में जबरदस्त वापसी की। ब्लूज की इस वापसी की अगुवाई एक बार फिर स्पैनिश स्ट्राइकर डिएगो कोस्टा ने की। कोस्टा ने 59वें मिनट में सेस फैब्रेगास की खूबसूरत लॉन्ग बॉल को रिसीव कर सिटी के अर्जेंटीनी डिफेंडर निकलस ओटामैंडी को छकाते हुए जगह बनाई और सिटी के चिलियन गोलकीपर क्लाउडियो ब्रावो बॉल को जाल में जाते देखते ही रह गए। कोस्टा के इस गोल ने चेल्सी में जो जोश भरा वह 69वें मिनट में उनके ब्राजीली मिडफील्डर विलियन ने दोगुना कर दिया। विलियन ने बेहतरीन काउंटर अटैक पर गोल कर स्कोर 2-1 किया। मैच के 89वें मिनट में बराबरी के गोल की तलाश में लगी सिटी की पूरी टीम चेल्सी की डी के आसपास इकट्ठा हो गई। इसी बीच डिफ्लेशन से बॉल चेल्सी के बेल्जियन मिडफील्डर ईडेन हजार्ड के पास पहुंची जिन्होंने बिजली की तेजी दिखाते हुए सिटी के गोल की तरफ दौड़ लगा दी। हजार्ड के इस काउंटर अटैक का सिटी के पास कोई जवाब नहीं था और ब्रावो के कुछ कर पाने से पहले स्कोर 3-1 हो चुका था।
![]() |
| मैन ऑफ द मैच बने कोस्टा |
अति अटैक ने डुबोयाः सिटी की टीम इस मैच को जीतने के लिए इतनी उतावली थी कि लगातार अटैक कर रही थी। उनके प्लेयर अटैक करने के चक्कर में अपनी डी छोड़कर चेल्सी की डी में घुसे जा रहे थे। सिटी की इस भारी चूक का चेल्सी ने जमकर फायदा उठाया और काउंटर अटैक कर दो अहम गोल हासिल किए। मौजूदा फुटबॉल जगत के बेस्ट मैनेजर्स में से एक माने जाने वाले पेप गुआर्डियोला की सारी टैक्टिस इस मैच में धरी की धरी रह गई। उनके प्लेयर्स अटैक करने में इतने डूबे रहे कि भूल गए कि फुटबॉल में डिफेंस भी जरूरी होता है।
सिटी ने खोया आपाः मैच के स्टॉपेज (इंजरी) टाइम के दौरान अगुएरो बॉल लेकर आगे बढ़ रहे थे कि तभी चेल्सी के ब्राजीली डिफेंडर डेविड लुईज ने बेहतरीन टैकल के जरिए बॉल उनके कब्जे से निकाल ली। इससे झल्लाए अगुएरो ने लुईज के पैरों पर अपने बूट से इतनी करारी चोट दी जो लुईज का करियर खत्म कर सकती थी। अगुएरो के इस फाउल के बाद पिच का माहौल एकाएक गर्म हो गया। मैच में एक भी गोल ना कर पाए सिटी के प्लेयर चेल्सी के प्लेयर्स पर टूट पड़े। खासतौर से सिटी के ब्राजीली मिडफील्डर फर्नांडीनियो कुछ ज्यादा ही आक्रामक मूड में थे। उन्होंने बीच-बचाव कर रहे चेल्सी के स्पैनिश मिडफील्डर सेस फैब्रेगास को पहले धक्का दिया और फिर उन्हें गले से दबोच लिया। फैब्रेगास ने फर्नांडीनियो के इस व्यवहार पर कोई रिएक्शन ही नहीं दिया। सिटी के प्लेयर्स की इन हरकतों से गुस्साए मिची बत्शुई, विलियन, सेसार एज्प्लिक्वेटा समेत चेल्सी के कुछ खिलाड़ी भी उत्तेजित हो गए। दूसरी तरफ फर्नांडीनियो ने चेल्सी के मैनेजर कोंटे से भी उलझने की कोशिश की, उन्हें किसी तरह से हटाया गया। रेफरी ने अगुएरो और फर्नांडीनियो दोनों को रेड कार्ड दिखा मैच से बाहर किया।


No comments:
Post a Comment